AD

Breaking News

धान की खेती पर संकट: उत्तर कोयल मुख्य नहर में तत्काल पानी छोड़ने की मांग, सूर्या सोनल सिंह ने सरकार से की अपीलCrisis for paddy cultivation: Demand for immediate release of water into the North Koel Main Canal; Surya Sonal Singh appeals to the government.


हुसैनाबाद (पलामू), 4 जुलाई। धान की बुआई के महत्वपूर्ण समय में उत्तर कोयल मुख्य नहर में अब तक पानी नहीं छोड़े जाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। भाजपा युवा नेता सूर्या सोनल सिंह ने इस मुद्दे पर


गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन, उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना के अधिकारियों और मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।


सूर्या सोनल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के लिए पूरी तरह उत्तर कोयल मुख्य नहर पर निर्भर हैं। इसके बावजूद अब तक नहर में पानी नहीं छोड़ा गया है, जिससे हजारों किसानों की धान की खेती प्रभावित होने की आशंका है।


उन्होंने आरोप लगाया कि मोहम्मदगंज बैराज में उपलब्ध अतिरिक्त पानी को कोयल नदी में वापस छोड़ा जा रहा है, जबकि उसी पानी का उपयोग हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के किसानों की सिंचाई के लिए किया जा सकता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नहर में पानी नहीं छोड़ा गया, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।


भाजपा युवा नेता ने सरकार और प्रशासन से किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना किसी विलंब के उत्तर कोयल मुख्य नहर में पानी छोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती का समय किसी का इंतजार नहीं करता और यदि निर्णय लेने में देरी हुई, तो इसका सीधा असर किसानों की फसल और उनकी आजीविका पर पड़ेगा।


उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की, ताकि किसानों की धान की फसल सुरक्षित रह सके और उन्हें सिंचाई के लिए समय पर पानी उपलब्ध हो।

कोई टिप्पणी नहीं