रेलवे उपभोक्ता समिति ने रेलवे प्रशासन को सौंपा 15 सूत्री मांग पत्र, हुसैनाबाद-हैदरनगर क्षेत्र के विकास को लेकर उठाई बुलंद आवाज haidar Nagar news today rbc
हुसैनाबाद/हैदरनगर (पलामू):
रेलवे उपभोक्ता समिति, हैदरनगर ,हुसैनाबाद-पलामू के नेतृत्व में क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार एवं यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर एक 15 सूत्री मांग पत्र संबंधित रेलवे अधिकारियों को सौंपा गया। समिति ने मांग की कि वर्षों से लंबित रेल परियोजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि पलामू, हुसैनाबाद एवं हैदरनगर क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से एलसी-50 एवं एलसी-51 के बीच मुख्य सड़क एवं अंडरपास निर्माण, बीडी रेलखंड पर ट्रेनों के समय में सुधार, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, डालटनगंज में डीआरएम कार्यालय की स्थापना, जपला 1 नम्बर प्लेटफार्म पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने, जपला रेलवे अस्पताल को नियमित रूप से संचालित करने, जपला ओवर ब्रिज का संशोधन, रेलवे ओवरब्रिज में सुधार, सिग्नलिंग व्यवस्था में सुधार सहित कुल 15 महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं।
इस अवसर पर रेलवे उपभोक्ता समिति पलामू के जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता मनोज शर्मा ने कहा कि यह मांगें किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे पलामू प्रमंडल की जनता की आवाज हैं। रेलवे प्रशासन यदि इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करता है तो क्षेत्र के विकास के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। रेलवे अंडर पास में पानी भरने की समस्या से निजात दिलाना होगा,बीसवीं सदी में लोग प्रति दिन अयोध्या और शुक्रवार को अजमेर जाते थे परंतु आज के दौर दोनों सेवाओं से वंचित कर दिए गए हैं क्या यही विकास है?
जिला महासचिव वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि समिति लंबे समय से जनहित के मुद्दों को रेलवे प्रशासन तक पहुंचा रही है। हमें उम्मीद है कि इस बार रेलवे सकारात्मक पहल करते हुए मांगों को शीघ्र पूरा करेगा।
हैदरनगर स्टेशन अध्यक्ष गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि "हैदरनगर स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी रेल सुविधाओं का विस्तार समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए लंबित कार्यों को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।
हुसैनाबाद संयोजक प्रेमतोष सिंह उर्फ गुड्डू ने कहा कि हुसैनाबाद अनुमंडल के लोगों को बेहतर रेल सेवा मिलना उनका अधिकार है। समिति आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा।पगली पैसेंजर ट्रेन लोगों ने नाम यूंही नहीं रखा अगर समय से चलती तो ये नाम नहीं पड़ता , समय सभी का अमूल्य है निर्धारित समय पर नहीं चलना एक बड़ी समस्या है ।
प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष विमलेश सिंह ने कहा कि "रेल सुविधाओं का विस्तार केवल यातायात का विषय नहीं बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास से भी जुड़ा हुआ है। रेलवे को इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।"
ज्ञापन प्राप्त करने के दौरान रेलवे प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने समिति के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों को संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जनहित से जुड़े मामलों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
इस दौरान असिस्टेंट कमांडेंट संजय कुमार सिंह, SIB इंचार्ज दुबे जी, टीआई अजय कुमार, एईएन संतोष कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर एस. के. झा तथा हैदरनगर थाना प्रभारी सहित रेलवे एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रेलवे उपभोक्ता समिति एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इनमें रेलवे उपभोक्ता समिति पलामू के जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता मनोज शर्मा, जिला महासचिव वेद प्रकाश शर्मा, हैदरनगर स्टेशन अध्यक्ष गुप्तेश्वर पांडेय, हुसैनाबाद संयोजक प्रेमतोष सिंह उर्फ गुड्डू, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष विमलेश सिंह, मुखिया जितेंद्र सिंह, पूर्व मुखिया जितेंद्र पासवान, मुखिया राजेश कुमार, मुखिया कमल पासवान, मुखिया नवाजिश खान, मुखिया प्रतिनिधि सेठ जी (राजू भाई), समाजसेवी राजेश करंजी, मिंटू सिंह, डॉ. अजय पासवान, पंचायत प्रतिनिधि सज्जू खान, उप मुखिया पवन जायसवाल, सूरज कुमार, उप प्रमुख पप्पू पासवान, साबित अली, बाबू खान, अरुण रजक, सीनेश राम, लोजपा नेता रामसुंदर मेहता, बसपा नेता नुरूल्ला खान,राजू खान, नीरज सिंह, देवेंद्र सिंह, रामजी यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रेलवे उपभोक्ता समिति ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो जनहित में आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल समस्याओं का समाधान करेगा।





कोई टिप्पणी नहीं