हुसैनाबाद में SIR-2026 की धीमी रफ्तार पर डीसी का बड़ा एक्शन, 11% फॉर्म वितरण देख खुद संभाली कमान hussainabad news today
हुसैनाबाद में SIR-2026 की धीमी रफ्तार पर डीसी का बड़ा एक्शन, 11% फॉर्म वितरण देख खुद संभाली कमान
हुसैनाबाद/मेदिनीनगर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची अद्यतन अभियान की धीमी प्रगति पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या-121 पर मात्र 11 प्रतिशत फॉर्म वितरण पाए जाने पर उन्होंने संबंधित बीएलओ से जवाब-तलब किया और घर-घर जाकर अभियान में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केवल समीक्षा ही नहीं की, बल्कि कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं कुछ इन्यूमरेशन (गणना) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
इसके बाद उपायुक्त देवरी खुर्द पहुंचे, जहां मतदान केंद्र संख्या-136, 137 और 138 का निरीक्षण किया। मतदान केंद्र संख्या-136 पर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण की रिपोर्ट मिलने पर उन्होंने अभिलेखों का सत्यापन कराया और निर्देश दिया कि बीएलओ ऐप पर दर्ज होने वाली प्रत्येक प्रविष्टि वास्तविक प्रगति के अनुरूप ही हो। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कई मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए कच्चे रास्तों और पगडंडियों से होकर भी गुजरे। उन्होंने कहा कि भौगोलिक कठिनाइयां अपनी जगह हैं, लेकिन हर पात्र मतदाता तक पहुंचना और समय पर फॉर्म वितरण तथा डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना चुनावी प्रक्रिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
हुसैनाबाद के बाद उपायुक्त ने छतरपुर, नवाबाजार और पड़वा प्रखंडों में चल रहे डिजिटाइजेशन कैंपों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
प्रशासन का कहना है कि SIR-2026 अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसी लक्ष्य को लेकर जिला प्रशासन लगातार जमीनी स्तर पर निगरानी और निरीक्षण कर रहा है।



कोई टिप्पणी नहीं