हुसैनाबाद नगर पंचायत में वित्तीय अनियमितता का आरोप, वार्ड पार्षदों ने उपायुक्त से उच्चस्तरीय जांच की मांग palamu news today
कार्यपालक पदाधिकारी और लेखा शाखा पर मनमानी, खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी व सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप; कई वार्ड पार्षदों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा।
RBC Channel | हुसैनाबाद/पलामू
हुसैनाबाद नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी एवं लेखा शाखा पर वित्तीय अनियमितता और सरकारी राशि के मनमाने खर्च का गंभीर आरोप लगाते हुए नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सहित कई वार्ड पार्षदों ने पलामू के उपायुक्त को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
उपायुक्त को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत में पिछले कई महीनों से खरीद प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की जा रही है। ज्ञापन के अनुसार ट्रैक्टर, टेंपर, डस्टबिन, एक्सकेवेशन सहित विभिन्न सामग्रियों की खरीद और निविदा प्रक्रिया में अनियमितता बरती गई है। पार्षदों ने आरोप लगाया है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो खरीद प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियां और सरकारी धन के दुरुपयोग के तथ्य सामने आ सकते हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विभागीय आदेशों की अनदेखी करते हुए पांच वर्ष से अधिक समय से कार्यरत संविदा कर्मी से लेखा-जोखा का कार्य कराया जा रहा है। पार्षदों का कहना है कि इससे वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वार्ड पार्षदों ने नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को भी अव्यवस्थित बताते हुए आरोप लगाया कि संबंधित वार्ड पार्षदों की जानकारी के बिना सफाई कर्मियों की तैनाती की जाती है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की बैठक में इस संबंध में लिखित और मौखिक रूप से जानकारी मांगे जाने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन कथित अनियमितताओं के विरोध में वार्ड पार्षदों ने 24 जून 2026 को प्रस्तावित बोर्ड बैठक का बहिष्कार भी किया था।
ज्ञापन के माध्यम से वार्ड पार्षदों ने उपायुक्त से मांग की है कि नगर पंचायत में विभागीय मदों से हुए खर्च, खरीद प्रक्रिया तथा वित्तीय लेन-देन की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि झारखंड के मुख्यमंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव, हुसैनाबाद-हरिहरगंज के विधायक तथा अनुमंडल पदाधिकारी हुसैनाबाद को भी भेजी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में उपायुक्त पलामू के कार्यालय
1. सुनील कुमार चौधरी उपाध्यक्ष 2. राजेन्द्र पाल 3. राज कुमार कश्यप 4. आशा देवी 5. फिरोजा शाहीन 6. आनन्द कुमार 7. उमा देवी 8. सरवरी बीबी 9. नेपरी देवी 10. शम्भू कुमार 11. बबीता देवी 12. पियरिया देवी 13. अनिता साह 14. संगीता कुमारी 15. अभिमन्यु कुमार के नाम शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं