पलामू में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से झारखंड पुलिस के जवान की मौतTragic road accident in Palamu: Jharkhand police constable dies after being hit by an unknown vehicle
पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिवान बीघा के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू सिंह (38 वर्ष), निवासी दिवान बीघा के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू सिंह बिहार के औरंगाबाद गए हुए थे। वहां से लौटने के दौरान जब वे अपने घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सोनू सिंह झारखंड पुलिस में कार्यरत थे और वर्तमान में रांची में पदस्थापित थे। वे छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं