नाली-गली रोड को लेकर भड़की जनता, वार्ड नंबर 32 के लोग नाराज़
नाली-गली रोड को लेकर भड़की जनता, वार्ड नंबर 32 के लोग नाराज़
स्थान: सासाराम | जिला: रोहतास | डेस्क रिपोर्ट संतोष दुबे
सासाराम नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 32 अथखम्भा गांव में नाली और गली सड़क को लेकर जनता में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों बीत जाने के बावजूद आज तक न तो सड़क का निर्माण हुआ है और न ही नाली की कोई व्यवस्था की गई है।
जहां एक ओर नगर प्रशासन विकास की बहती बयार का दावा करते नहीं थकता, वहीं दूसरी ओर वार्ड नंबर 32 के हालात उस दावे की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। नगर परिषद से नगर निगम में तब्दील हुए चार साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक यहां के लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी नसीब नहीं हो पाई हैं।
होल्डिंग टैक्स लेते हैं, सुविधाएं नहीं देते
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से नगर निगम को होल्डिंग टैक्स अदा कर रहे हैं, इसके बावजूद न सड़क है, न नाली और न ही शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
काली मंदिर मार्ग अब भी बदहाल
अथखम्भा काली मंदिर के समीप कई नए मकानों का निर्माण हो चुका है, लेकिन चमरु बिंद के घर से लेकर बूटरी बिंद के घर होते हुए काली मंदिर तक जाने वाली सड़क का अब तक निर्माण नहीं हो सका है। इस बदहाल रास्ते को लेकर ग्रामीणों में खासा रोष है।
नगर आयुक्त कैमरे से बचते नजर आए
इस पूरे मामले को लेकर जब नगर निगम सासाराम के नगर आयुक्त से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो वे कैमरे के सामने कुछ भी कहने से बचते नजर आए। जिससे लोगों में और भी नाराज़गी बढ़ गई है।
अब सवाल यह उठता है कि नगर निगम क्षेत्र में विकास के जो दावे किए जा रहे हैं, वे ज़मीनी हकीकत से कोसों दूर क्यों हैं? चार साल बीत जाने के बावजूद वार्ड नंबर 32 में विकास कार्य शुरू नहीं हो पाना नगर प्रशासन और जिला प्रशासन दोनों पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब देखना यह होगा कि काली मंदिर के समीप सड़क और नाली का निर्माण कार्य कब तक शुरू हो पाता है, या फिर वार्ड नंबर 32 के लोग यूं ही विकास की बाट जोहते रहेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं