नगरपालिका चुनाव 23 फरवरी को, डीसी-एसपी ने सेक्टर पदाधिकारियों संग की अहम बैठक palamu news today rbc channel
सूचना भवन | जिला जनसंपर्क कार्यालय, पलामू
प्रेस विज्ञप्ति संख्या: 22/02-2026
दिनांक: 19 फरवरी 2026
स्थान: मेदिनीनगर (पलामू जिला)
नगरपालिका चुनाव 23 फरवरी को, डीसी-एसपी ने सेक्टर पदाधिकारियों संग की अहम बैठक
आगामी 23 फरवरी को पलामू जिले के पांचों नगर निकाय क्षेत्रों में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में गुरुवार को टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने चुनाव में प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र अंतर्गत बूथों की संख्या, लोकेशन, क्लस्टर से दूरी एवं अन्य व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर एएमएफ (Assured Minimum Facilities) के तहत आवश्यक सुविधाएं शत-प्रतिशत उपलब्ध रहें।
उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। मतदान के पश्चात सभी कर्मियों को पूर्व निर्धारित रूट का पालन करते हुए क्लस्टर तक सुरक्षित पहुंचना सुनिश्चित करना होगा।
साथ ही मतदाताओं के बीच वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी परिस्थिति में मतदान कर्मियों द्वारा निजी वाहनों के उपयोग पर सख्त रोक रहेगी। उपायुक्त ने मतदान पूर्व संध्या पर बूथ निरीक्षण, नियंत्रण कक्ष एवं संचार व्यवस्था की सक्रियता तथा क्रिटिकल बूथों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
100 मीटर दायरे में हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने स्पष्ट किया कि मतदान के दिन मतदान केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के हथियार ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने पुलिस बल को निर्देशित किया कि कोई भी मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान कक्ष में प्रवेश न करे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में मतदानकर्मी सर्वप्रथम अपने सेक्टर पुलिस पदाधिकारी को सूचित करें।
एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, सभी सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं