जपला में झोपड़ी होटल पर पुलिस की छापेमारी, देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद; होटल मालिक गिरफ्तार husainabad news today
हुसैनाबाद (पलामू):
गुप्त सूचना के आधार पर हुसैनाबाद पुलिस ने जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक झोपड़ी होटल में छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ होटल मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है।
इस संबंध में एसडीपीओ एस. मोहम्मद याक़ूब ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि 5 मार्च को शाम करीब 6:45 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक झोपड़ी होटल का मालिक अपने पास अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एक छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर होटल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान होटल में मौजूद एक व्यक्ति को सशस्त्र बल की मदद से पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम रामाकांत सिंह (42 वर्ष) पिता स्वर्गीय देववंश सिंह, निवासी मुंगिया थाना टंडवा जिला औरंगाबाद (बिहार) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री करता है और अपने होटल में लकड़ी से बने टेबल काउंटर के अंदर एक देशी कट्टा और जिंदा गोली छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस ने काउंटर की तलाशी ली, जहां से एक लकड़ी के बैंट वाला देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई।
पुलिस ने बरामद हथियार और गोली को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाना ले आई। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 46/26, दिनांक 05 मार्च 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए)/26 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में पुनि. सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि. नर्वदेश्वर सिंह, पुअनि. रमण यादव, सअनि. अजय बैठा, सअनि. टुनटुन कुमार, आरक्षी सुशील कुमार शर्मा, रमेश नट तथा अखिलेश कुमार शामिल थे।
कोई टिप्पणी नहीं