कब तक अवैध माइंस लोगों की जान लेती रहेंगी? युवक की मौत पर भड़के कमलेश कुमार सिंह, सड़क पर उतरा जनाक्रोश For how long will illegal mines continue to take people's lives? Kamlesh Kumar Singh was enraged by the young man's death and public anger spilled onto the streets.
![]() |
| कमलेश कुमार सिंह वा सूर्या सोनल सिंह वार्ता करते हुए |
हुसैनाबाद (पलामू)। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सोहया पहाड़ स्थित दमदमी गांव के समीप एक माइंस के गहरे गड्ढे में डूबने से पतरा खुर्द निवासी युवक लवकुश कुमार की मौत की आशंका के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग के सामूडीह मोड़ को जाम कर प्रशासन और माइंस संचालकों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। मौके पर मौजूद लोगों ने क्षेत्र में संचालित माइंस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान कमलेश कुमार सिंह ने हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) से फोन पर बातचीत कर मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई माइंस सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रही हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक अवैध और असुरक्षित माइंस लोगों की जान लेती रहेंगी।
पूर्व मंत्री ने प्रशासन से दोषी माइंस संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाता तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।
वहीं, ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, घटना के बाद क्षेत्र में माइंस की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध खनन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं