कुवैत में हुसैनाबाद के मोना खान का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर husainabad news today
हुसैनाबाद, पलामू: हुसैनाबाद नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित लंबी गली निवासी मोना खान का कुवैत में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, लगभग दो सप्ताह पूर्व कुवैत में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद वे बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल वहां के विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। इसी दौरान 28 जुलाई 2026 की सुबह करीब 4 बजे उनके निधन की सूचना परिजनों को मिली।
बताया जाता है कि मोना खान कई वर्षों से अपनी जीविका के लिए कुवैत में कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से पूरे हुसैनाबाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
शोक व्यक्त करने वालों में जेएमएम के वरिष्ठ नेता एजाज हुसैन, मसरूर अहमद, नसीम खान, डॉ. एजाज आलम, हसनैन जैदी, गुलाम मोहम्मद, अमीन अली खान, नजीर अहमद सहित उनके कई मित्र एवं शुभचिंतक शामिल हैं।
परिजनों ने बताया कि पार्थिव शरीर को कुवैत से दिल्ली होते हुए रांची और वहां से सड़क मार्ग द्वारा हुसैनाबाद लाया जा रहा है। गुरुवार (30 जुलाई) देर शाम तक पार्थिव शरीर के हुसैनाबाद स्थित पैतृक आवास पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद अंतिम दर्शन के उपरांत सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। हालांकि, सुपुर्द-ए-खाक का अंतिम समय परिजनों द्वारा पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद घोषित किया जाएगा।
दिवंगत के बड़े भाई अयूब खान उर्फ हीरू ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इस दुखद समाचार की पुष्टि की। मोना खान अपने पीछे 7 वर्षीय पुत्र और 12 वर्षीय पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
अल्लाह तआला मरहूम मोना खान की मग़फ़िरत फरमाए, उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता करे और शोक संतप्त परिवार को सब्र-ए-जमील प्रदान फरमाए। आमीन।

कोई टिप्पणी नहीं