रोहतास: डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या, पटना लौटने के दौरान अपराधियों ने बनाया निशाना rohtas breking news today
देर रात पटना लौट रहे नगर परिषद के ईओ की निर्मम हत्या! गाड़ी रोककर की गई बेरहमी से पिटाई, धारदार हथियार से हमला, जांच में जुटी पुलिस।
रोहतास/औरंगाबाद: संतोष दुबे
बिहार के रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की देर रात हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वे डेहरी से कार द्वारा पटना लौट रहे थे। रास्ते में औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित धनौती पुल के पास अपराधियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रुकवाया और वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पहले चालक को अपने कब्जे में लिया और इसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के साथ धारदार हथियार से हमले के भी निशान मिले हैं। शुरुआत में गोली मारने की आशंका जताई गई थी, लेकिन चिकित्सकों ने कहा कि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को इलाज के लिए जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रोहतास और औरंगाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
मृतक विमल कुमार गया जिले के शेरघाटी के रहने वाले थे। उनका परिवार पटना में रहता है। परिवार में पत्नी, एक पुत्री और एक छोटा पुत्र है। शव का पोस्टमार्टम सासाराम सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि गोली लगने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी मिल सकेगी।
इस मामले पर डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी तथा रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने भी प्रतिक्रिया दी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मुख्य बिंदु
देर रात पटना लौटने के दौरान वारदात
धनौती पुल के पास कार रुकवाकर हमला
मारपीट और धारदार हथियार से हत्या की आशंका
गोली लगने की पुष्टि नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस



कोई टिप्पणी नहीं